27 साल में चुराई 5000 कार...3 बीवियों 7 बच्चों का है परिवार, जानिए कैसे पकड़ा गया शातिर चोर!

 | 
car chor

बीते दिनों दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को बड़ी सफलता मिली है और एक ऐसे शातिर कार चोर अनिल को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 27 सालों से कारनामे को अंजाम दे रहा था। उसके ऊपर देशभर से 5,000 से अधिक गाड़ियां चुराने का आरोप है।  अनिल को 'देश का सबसे बड़ा कार चोर' बताया जा रहा है। उसके खिलाफ 180 से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से छह देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक कार को बरामद किया। क्या है पूरा मामला? चलिए हम आपको बताते है। 

देश का सबसे बड़ा कार चोर पकड़ा गया!

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को देश के सबसे बड़े कार चोर अनिल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। अनिल चौहान पर 5000 कारें चुराने का आरोप है। अनिल चौहान दिल्ली के खानपुर एक्सटेंशन का रहने वाला है और असम के तेजपुर का मूल निवासी है। उसने 12वीं क्लास तक पढ़ाई की है। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोप है कि उसने पहली बार साल 1998 में कार चुराई थी और अब तक देश के विभिन्न हिस्सों से 5,000 से अधिक कार चुरा चुका है। 

car chor
Image Source: India Today

पुलिस का दावा है कि यह देश का सबसे बड़ा कार चोर है। इसने 27 साल में 5000 से ज्यादा कार चुराई हैं। अनिल को कई बार पुलिस ने गिरफ्तार किया है और वो काफी समय तक जेल में भी रहा है। निजामुद्दीन पुलिस थाने में दर्ज एक मामले को लेकर अनिल चौहान को पांच साल की सजा हुई थी। 

कौन है अनिल चौहान?

दिल्ली के खानपुर इलाके में रहते हुए अनिल ऑटोरिक्शा चलाने का काम करता था। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले चौहान असम सरकार में क्लास-1 कॉन्ट्रैक्टर था। बाद में प्रवर्तन निदेशालय ने उसके यहां छापा मारा था और उसकी पूरी संपत्ति जब्त कर ली थी।  बैंक ने उसकी पूरी संपत्ति को नीलाम कर दिया था और बाद में वो फिर से चोरी करने लगा था। 

car chor
Image Source: Bhaskar

1995 के बाद उसने कार चुराना शुरू किया। 27 साल में उसने सबसे ज्यादा मारुति 800 मॉडल चुराया। अनिल देश के अलग-अलग इलाकों से कार चुराकर उन्हें नेपाल, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों को भेजता था।

अनिल की तीन बीवियां और सात बच्चे!

पुलिस का कहना है कि 52 साल के अनिल ने चोरी के दम पर दिल्ली, मुंबई और नॉर्थ ईस्ट में कई प्रॉपर्टी खरीदी हैं। वह रईसी वाली जिंदगी जी रहा था। पुलिस के मुताबिक, अनिल की तीन बीवियां और सात बच्चे हैं। सेंट्रल दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ को अनिल के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद उसे देशबंधु गुप्ता रोड से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से छह पिस्टल और सात कारतूस बरामद किए हैं।


आरोप है कि चोरी के दौरान उसने कई टैक्सी ड्राइवरों का मर्डर भी किया। इसके बाद वह असम जाकर रहने लगा। कार चोरी करके कमाई संपत्ति से उसने दिल्ली, मुंबई और पूर्वोत्तर राज्यों में प्रॉपर्टी खरीदीं। अनिल चौहान पर ये भी आरोप है कि वो पूर्वोत्तर के राज्य में गैंडे के सींग की तस्करी किया करता था। 


पुलिस ने बताया कि चौहान को साल 2015 में एक तत्कालीन विधायक के साथ गिरफ्तार किया गया था। तब उसने पांच साल जेल में बिताए और 2020 में रिहा हुआ। उसके खिलाफ 180 केस दर्ज हैं। उस पर आरोप है कि उसने उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिबंधित संगठनों को सप्लाई किए। प्रवर्तन निदेशालय ने उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस भी दर्ज किया था।

कैसे पकड़ा गया कार चोर अनिल?


पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने कहा कि दिल्ली में अवैध हथियार सप्लाई करने वालों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान पुलिस को ये जानकारी मिली थी कि भारत में अवैध हथियारों को सप्लाई करने वाला और कार चोर अनिल चौहान मध्य दिल्ली में डीबीजी रोड पुलिस स्टेशन के इलाके में मौजूद है। इसके बाद पूरी तैयारी के साथ पुलिस ने उसे 23 अगस्त को गिरफ्तार किया था।