बिटिया के पहले जन्मदिन पर पापा ने दी गोलगप्पा पार्टी, पब्लिक को फ्री में खिलाए 1 लाख गोलगप्पे!

राजधानी के उपनगर कोलार बंजारी चौराहा का नजारा बुधवार को कुछ अलग दिखा। यहां लगने वाला पानी पुरी का ठेला रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा हुआ था। 50 मीटर लंबे टेंट में लोगों की भीड़ दिखी। खुशी-खुशी बच्चे, बड़े व बुजुर्ग पानी पुरी खाते हुए दिखे। मौका था पानी पुरी का ठेला लगाने वाले अंचल गुप्ता की बेटी अनोखी के पहले जन्मदिन का।
बिटिया के जन्मदिन की खुशी में अंचल ने एक लाख पानी पुरी लोगों को निश्शुल्क खिलाईं। पानी पुरी खिलाकर उन्होंने समाज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का अनूठा संदेश दिया है। पानी पुरी का धंधा करके महीने का 15 से 18 हजार रुपये कमाने वाले अचंल गुप्ता ने अपने बेटी का जन्मदिन विशेष तरह से मनाकर यह संदेश दिया कि बेटियां भी वरदान हैं। क्या है इसके पीछे की पूरी कहानी? चलिए हम आपको बताते है।
बेटी के जन्मदिन पर पापा ने खिलाई 1 लाख पानीपुरी!
दरअसल, भोपाल के भाजपा कार्यकर्ता अंचल गुप्ता (Bhopal BJP worker Anchal Gupta) जो पानी पुरी की दुकान चलते हैं, उन्होंने अपनी बेटी अनोखी का जन्मदिन बहुत ही खास अंदाज मनाया। जिसकी चर्चा प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश में हो रही है। मुखर्जी नगर कोलार में गुप्ता चाट भंडार चलाने वाले अंचल गुप्ता के यंहा पिछले साल बेटी का जन्म हुआ। जिसके बाद उन्होंने बेटी का नाम अनोखी रखा।

आपको बता दे, अनोखी के जन्म के समय भी अंचल गुप्ता ने कई हजार गोलगप्पे खिलाकर लोगो के साथ जश्न मनाया था। और अब बेटी का जन्मदिन 1 लाख गोलगप्पे खिलाकर मनाया और नागरिको से अनोखी के दीर्घायु होने की कामना करने की अपील की।
अंचल गुप्ता का कहना है कि वह पानीपुरी का ठेला लगाते हैं। उनकी आमदनी का यह एकमात्र जरिया है। वह जब भी खुश होते हैं तो ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी खुशी में शामिल करने की कोशिश करते है। उन्होंने कहा कि वह इसके साथ बेटी को बोझ समझने वालों को भी संदेश देना चाहते हैं ताकि वह बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ के लिए जागरूक हो सकें।

उन्होंने दोपहर दो से छह बजे तक एक लाख एक हजार पानी पुरी खिलाने का लक्ष्य रखा था। साढ़े छह बजे तक लोगों ने एक लाख पानी पुरी खाईं। वहीं एक हजार पानी पुरी उन्होंने जरूरतमंद लोगों को बांट दीं। कोलार मुख्यमार्ग बंजारी से आते-जाते लोग पानी पुरी खाते रहे। गाड़ियों को रोक कर लोगों ने अलग-अलग स्टाल पर पानी पुरी खाईं।

साथ ही अंचल व उनकी पत्नी आंकाक्षा को बेटी के जन्मदिन पर अनूठा आयोजन करने पर बधाई दी। पानी पुरी के सभी 21 स्टाल पर बच्चों, बड़े व बुजुर्गों की भीड़ लगी रही।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी खिलाईं पानी पुरी!
रामेश्वर शर्मा ने इसके वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा, अनोखी का अनोखा जन्मदिन आप भी बधाई दीजिए. मुखर्जी नगर कोलार में गुप्ता चाट भंडार (Gupta Chaat Bhandar en Mukherjee Nagar Kolar) चलाने वाले भाजपा कार्यकर्ता अंचल गुप्ता ने अपनी बेटी अनोखी गुप्ता के जन्मदिन पर नागरिको को मुफ़्त में 1 लाख फ़ुल्की खिलायी।
अनोखी का अनोखा जन्मदिन आप भी बधाई दीजिए.
— Rameshwar Sharma (@rameshwar4111) August 17, 2022
मुखर्जी नगर कोलार में गुप्ता चाट भंडार चलाने वाले भाजपा कार्यकर्ता अंचल गुप्ता ने अपनी बेटी अनोखी गुप्ता के जन्मदिन पर नागरिको को मुफ़्त में 1 लाख फ़ुल्की खिलायी. @narendramodi @ChouhanShivraj @OfficeofSSC pic.twitter.com/WC1gxG79lO
उन्होंने आगे लिखा कि निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के महिला सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाने में अंचल गुप्ता जैसे पिता की सहभागिता निश्चित रूप से वंदनीय है। अंचल ने अपने बेटे के जन्मदिन पर 50 हज़ार फ़ुल्की खिलायी थी और बेटी के जन्मदिन पर 1 लाख फ़ुल्की खिलायी।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी दी बधाई!
पानीपुरी बेचने वाले भाजपा कार्यकर्ता ने इस शानदार तरीके से अपनी बेटी का बर्थडे मनाया तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उनके इस कार्य के लिए उनकी सराहना करते हुए उनकी बेटी के जन्म पर बधाई दी।
बेटी अनोखी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं!
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 17, 2022
सदा सुखी और आनंदित रहो, उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद! https://t.co/AlBlSrEuXA
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामेश्वर शर्मा के ट्वीट को रिप्लाई करते हुए लिखा कि बेटी अनोखी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं! सदा सुखी और आनंदित रहो, उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद।