बड़ी खबर: सलमान खान को मिला 'गन रखने' का लाइसेंस, करेंगे खुद की प्रोटेक्शन!

 | 
salman khan

बॉलीवुड स्टार सलमान खान(Salman Khan) को बंदूक का लाइसेंस मिल गया है।  पिछले दिनों बॉलीवुड के दबंग सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। गैंगस्टर ने कहा था कि 'तुम्हारा हाल भी मूसेवाला जैसा कर देंगे' जिसके बाद से सलमान खान की सिक्योरिटी टाइट कर दी गई। अब इस मामले में नया अपडेट सामने आया है, कि मुंबई पुलिस ने सलमान खान को हथियार का लाइसेंस जारी कर दिया है। क्या है पूरा मामला? चलिए हम आपको बताते है। 

सलमान खान को मुंबई पुलिस ने दिया गन लाइसेंस!

सलमान खान के पिता सलीम खान (Salim Khan) को धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बाद सलमान ने खुद की सुरक्षा के लिए बंदूक के लाइसेंस (Gun licenses) की अर्जी दी थी। दरअसल, कुछ दिन पहले सुपरस्टार मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फनसालकर से मिले थे और आत्मसुरक्षा का हवाला देते हुए हथियार रखने की एप्लीकेशन दी थी। 


सलमान को 5 जून को जान से मारने की धमकी मिली थी। लेटर में लिखा था कि सलमान जल्द ही तुम्हारा हाल मूसेवाला जैसा होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान इसके बाद से ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर से अपनी सुरक्षा को लेकर मुलाकात की और लाइसेंस के लिए आवदेन दिया। 


अभिनेता सलमान खान लाइसेंस के लिए आवेदन के बाद वेरीफिकेशन के लिए 22 जुलाई को मुंबई के पुलिस कमिश्नर के दफ्तर पहुंचे थे।  सलमान की इस रिक्वेस्ट को मुंबई पुलिस ने DCP जोन 9 को फॉरवर्ड किया था। जोनल DCP की तरफ से अप्रूवल मिलने के बाद सलमान खान को लाइसेंस इश्यू हुआ। 

कौन सा हथियार खरीदेंगे सलमान?


मुंबई पुलिस के अनुसार, सलमान खान को एक हथियार का लाइसेंस इश्यू हो गया है। सलमान कौन सा हथियार खरीदेंगे इसका जिक्र नहीं है। एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि सुरक्षा के मद्देनजर आमतौर पर शख्स .32 कैलिबर रिवॉल्वर या पिस्तौल खरीदता है। 

कार को बुलेटप्रूफ करवाया!

salman khan
Image Source: Social Media

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान को अपनी सुरक्षा की कितनी फ़िक्र हो रही है? इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि धमकी मिलने के बाद सलमान खान ने अपनी कार को भी अपग्रेड किया था। उन्होंने अपने लैंड क्रूजर कार को बुलेटप्रूफ करवाया था और आर्मर लगवाया था। इसके साथ ही उन्होंने अपनी कार के सभी कांच को भी बुलेटप्रूफ करवाया है। और अब सलमान खान को बंदूक का लाइसेंस भी मिल गया है। 

ऐसे मिला था धमकी वाला खत!

ये पूरा मामला तब सामने आया था जब सलमान के पिता सलीम मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। सैर के बाद सलीम खान को अज्ञात पत्र मिला था, जिसमें उन्हें और सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। लेटर में लिखा था तेरा मूसेवाला जैसा हाल बना देंगे सलमान खान। सलमान के पिता सलीम खान को बांद्रा के बैंडस्टैंड प्रोमेनाड में ये धमकी भरा लेटर मिला था। 

salman khan
Image Source: DNA

मामला सामने आने के बाद बांद्रा पुलिस ने केस दर्ज किया था, आईपीसी के सेक्शन 506 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद से मुंबई पुलिस ने भी सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी थी और उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर पुलिस की एक स्पेशल टीम को तैनात किया गया था। वहीं, पुलिस ने सलमान को पब्लिक अपीरिएंस कम करने को कहा था। यही वजह है कि सलमान इस साल ईद में अपने फैंस से भी नहीं मिल पाए।

सलमान को धमकी तो सहमा बॉलीवुड!

सलमान खान को मिली इस धमकी के बाद उनके फैंस काफी परेशान हो गए थे।  बॉलीवुड गलियारों में भी हलचल तेज हो गई थी।  सलमान खान ने पुलिस को दिए बयान में धमकी के लिए किसी पर शक नहीं जताया था। खबरें हैं सलमान को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने धमकी दी है। बिश्नोई सलमान को पहले भी जानलेवा धमकी दे चुका है। 

'कभी ईद कभी दिवाली' की शूटिंग में बिजी हैं सलमान!

salman khan
Image Source: News18India

सलमान के वर्कफ्रंट की बात करें तो एक्टर फिलहाल 'कभी ईद कभी दिवाली' की शूटिंग में बिजी चल रहे हैं। इस फिल्म में सलमान के अलावा पूजा हेगड़े, शहनाज गिल और कृति सेनन लीड रोल में हैं। बाकी बचे हुए समय में सलमान खान को अवार्ड शो होस्ट करते हुए एबम कई अन्य प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकता है।