मुश्किल में बच्चन परिवार! ED के सामने पूछताछ के लिए पेश हुईं ऐश्वर्या राय बच्चन

दुनियाभर में चर्चित पनामा पेपर्स मामले में बच्चन परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आज बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय दिल्ली के लोकनायक भवन में ED के सामने पेश होने पहुंचीं। ईडी ने उन्हें पनामा पेपर्स केस में नोटिस जारी कर पेश होने को कहा था। इससे पहले भी उन्हें नोटिस जारी किया गया था, लेकिन दो बार उन्होंने पेशी से छूट मांग ली थी। एजेंसी ने फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट ऐक्ट के तहत ऐश्वर्या का बयान दर्ज किया है।
दरअसल, पनामा पेपर्स मामले में भारत के करीब 500 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी। इनमें नेता, अभिनेता, खिलाड़ी, बिजनेसमैन हर वर्ग के प्रमुख लोगों के नाम हैं। इन लोगों पर टैक्स की हेराफेरी का आरोप है, जिसको लेकर टैक्स अथॉरिटी जांच में जुटी है।
इसी सिलसिले में ईडी ने ऐश्वर्या राय बच्चन को समन किया था, जिसके बाद वह सोमवार को ईडी के दफ्तर पहुंची। यहां उनसे पनामा पेपर्स लीक मामले में पूछताछ की गई। ईडी ने ऐश्वर्या को फेमा के मामले में समन किया था। यह समन नवंबर में 9 तारीख को बच्चन परिवार के घर भेजा गया था। 15 दिन में इसका जवाब मांगा गया था।
ऐश्वर्या ने ईमेल के जरिए ईडी को जवाब दिया। पनामा पेपर्स लीक मामले की जांच कर रही SIT में ईडी, इनकम टैक्स और दूसरी एजेंसी शामिल हैं।
बच्चन परिवार का नाम क्यों?
साल 2016 में ब्रिटेन में पनामा की लॉ फर्म के 1.15 करोड़ टैक्स डॉक्युमेंट लीक हुए थे। इसमें दुनियाभर के बड़े नेताओं, कारोबारियों और बड़ी हस्तियों के नाम सामने आए थे। भारत की बात करें तो करीब 500 लोगों के नाम सामने आए थे। इसमें बच्चन परिवार का नाम भी शामिल है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक अमिताभ बच्चन को 4 कंपनियों का डायरेक्टर बनाया गया था। इनमें से तीन बहामास में थीं, जबकि एक वर्जिन आइलैंड्स में थी। इन्हें 1993 में बनाया गया। इन कंपनियों की कैपिटल 5 हजार से 50 हजार डॉलर के बीच थी, लेकिन ये कंपनियां उन शिप्स का कारोबार कर रही थीं, जिनकी कीमत करोड़ों में थी।
और अब इंडिया गेट के पास ईडी के दफ्तर में पेश हुईं ऐश्वर्या राय ने कुछ दस्तावेज भी एजेंसी को सौंपे हैं। बच्चन फैमिली के खिलाफ ईडी इस मामले में 2016-17 से ही जांच कर रही है। ई़डी ने बच्चन फैमिली को नोटिस जारी कर पूछा था कि आखिर 2004 के बाद उसके कितनी रकम विदेश से हासिल की है या भेजी है। इसके बाद बच्चन फैमिली की ओर से कुछ दस्तावेज सौंपे गए थे।
क्या है पनामा पेपर लीक?
पनामा पेपर लीक मामले में Mossack Fonseca नाम की एक कंपनी के लीगल दस्तावेज लीक हुए थे। ये डेटा जर्मन न्यूजपेपर Süddeutsche Zeitung (SZ) ने Panama Papers नाम से 3 अप्रैल 2016 को रिलीज किया था। इसमें 1977 से 2015 के अंत तक की जानकारी दी गई थी। लिस्ट में 300 भारतीयों के नाम शामिल थे। इसमें ऐश्वर्या के अलावा अमिताभ बच्चन, अजय देवगन का भी नाम शामिल था।
ऐश्वर्या और अमिताभ के अलावा इसमें देश के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और सुप्रीम कोर्ट के वकील हरीश साल्वे, भगोड़े कारोबारी विजय माल्या, मोस्ट वान्टेड क्रिमिनिल इकबाल मिर्ची का नाम भी इसमें शामिल था।